मैनपुरी। शहर के राजा का बाग में घर के बाहर बैठी पीड़िता।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शहर के राजा का बाग में बीते चार दिन से एक विवाहिता घर के बाहर ही डेरा जमाए है। ससुरालीजन उसे घर नहीं घुसने दे रहे हैं, शिकायत के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं दरोगा ने पीड़िता को धमकाया, मामले में मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर शिकायत की गई है।
जनपद औरैया के गांव ऐरवा कटरा निवासी अवधेश देवी ने बताया कि पुत्री राधा की शादी 28 नवंबर 2019 में शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजा का बाग गली नंबर सात निवासी अमित यादव के साथ की है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे।
छह माह पूर्व पीटने के बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया था। 12 दिसंबर 2022 को वह पुत्री को लेकर उसकी ससुराल पहुंची तो ससुर ने कमरे में ताला डाल दिया और उसे घर में नहीं घुसने दे रहे हैं। चार दिनों से पीड़िता घर के बाहर ही खुले में बैठी हुई है।
राधा ने बताया कि एक दरोगा जांच के लिए आए तो उन्होंने घर में दाखिल कराए जाने बजाय उन्हें समझौता करने के लिए दबाव बनाते हुए धमकाया। कोई ध्यान न दिए जाने के चलते पीड़िता चार दिनों से इसी हालत में घर के बाहर पड़ी हुई है। अवधेश देवी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर पुत्री को हक दिलाने व आरोपी ससुरालीजनों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस बनी मूकदर्शक
पीड़िता चार दिन से घर के बाहर है, लेकिन पुलिस पूरे मामले में सब कुछ जानते बूझते मूकदर्शक बनी है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि विवाहिता के ससुर से बात की गई तो उनका कहना है कि मकान उनके नाम है। बेटे के नाम कुछ भी नहीं है, वह लड़ने झगड़ने वाली महिला को अपने में नहीं रखेंगे। महिला का पति साइंटिस्ट है और बाहर रह रहा है।