मैनपुरी। कुरावली के एक मोहल्ला में शनिवार को एक शोहदे ने छात्रा से छेड़छाड़ की। इसके बाद बाइक लेकर एक गली में आकर खड़ा हो गया। पीछा करते हुए आई छात्रा ने चप्पल उतार कर शोहदे की पिटाई कर दी। जिसके बाद वह वहां से भाग निकला। यह घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि अभी तक थाना में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला में शनिवार की दोपहर एक छात्रा सहेली के साथ कहीं जा रही थी, तभी बाइक सवार एक शोहदा साथी के साथ आया और छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा ने जब विरोध किया तो शोहदा वहां से चला गया, लेकिन छात्रा शोहदे को सबक सिखाना चाहती थी, बाइक के पीछे छात्रा सहेली के साथ कुछ दूर चली तो देखा कि शोहदा एक गली में खड़ा है।
फिर क्या था, छात्रा ने चप्पल उतारी और शोहदे पर बरसाना शुरू कर दिया। उग्र छात्रा को देख वहां मौजूद लोग भी दूर हट गए। गुस्सा देख शोहदा भी वहां से निकल भागा। उक्त घटना वहां लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई।