मैनपुरी। लोकसभा उपचुनाव की मतगणना मेें बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से सबसे पहले पोस्टल बैलेट मतपत्रों की गिनती राजपत्रित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। मतगणना पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। मतगणना की वीडियोग्राफी होगी।
मतगणना के लिए प्रत्येक पंडाल में 14-14 टेबल लगेंगी। पोस्टल बैलेट, ईटीपीबीएस की गणना के लिए 28 टेबल लगेंगी। टेबल पर प्रत्येक उम्मीदवार का एक एक गणना अभिकर्ता मौजूद रहेगा। प्रत्येक पंडाल में वीडियोग्राफर मौजूद रहकर गणना प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगे। सीसीटीवी कैमरे 360 डिग्री पर कवर करेंगे। पूरा गणना पंडाल सीसीटीवी की जद में रहेगा। मतगणना पूरी तरह निष्पक्षता और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रेक्षक मतगणना स्थल पर मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए अर्धसैनिक बलों के जवान, पीएसी के जवान मौजूद रहेंगे। स्ट्रांग रूम खोलते समय प्रत्याशी तथा उनके निर्वाचन अभिकर्ता मौजूद रहेंगे। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामजी मिश्र, सहायक रिटर्निंग अधिकारी नवोदिता शर्मा, अंजलि सिंह, आरएन वर्मा, गोपाल शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण सुधीर कुमार मौजूद रहे।
यह होगा प्रतिबंधित
मतगणना स्थल में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, कैलकुलेटर, ज्वलनशील सामग्री, माचिस, मोबाइल ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित सामिग्री ले जाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी।
इस तरह मिलेगा प्रवेश
मतगणना पंडाल में प्रवेश करने के लिए भी प्रक्रिया तय हुई है। गेट नंबर एक से अधिकारी, गणना कार्मिक, मीडियाकर्मी प्रवेश करेंगे। गेट नंबर तीन से सभी विधानसभाओं के गणना अभिकर्ता प्रवेश करेंगे। गणना कार्मिकों, गणना अभिकर्ताओं, प्रत्याशियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं, अधिकारियों, पत्रकारों के प्रवेश के बाद दोनों गेट बंद कर दिए जाएंगे।
यह रहेगी सुरक्षा
स्ट्रांग रूम से लेकर गणना पंडाल तक ईवीएम को सीपीएमएफ के सुरक्षा घेरे में पहुंचाने की व्यवस्था होगी। स्ट्रांग रूम, गैंगवे, गणना पंडाल द्वार पर केंद्रीय बल के जवान तैनात रहेंगे।
नो मैन जोन बनाया गया
मंडी परिसर, परिसर के आसपास के क्षेत्र को नो मैन जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में जो भी अनाधिकृत व्यक्ति मिलेगा या किसी के द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जाएगी, तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।