दोपहर बाद भाजपा नेता सतीश पाल ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन कक्ष से एक पर्चा खरीदा। मूलरूप से कानपुर के रहने वाले सतीश पाल 2007 में कन्नौज से विधायक रहने के साथ ही बसपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा में हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर वह पर्चा खरीदने आए हैं। चुनाव लड़ने या न लड़ने का फैसला पार्टी करेगी।
एडीएम और एएसपी ने किया निरीक्षण
बृहस्पतिवार को एडीएम राम जी मिश्र और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य द्वार से लेकर बैरिकेडिंग व अन्य स्थलों पर सुरक्ष के इंतजाम देखे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि नामांकन स्थल पर कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश न करे।
भाजपा ने अब तक घोषित नहीं किया है प्रत्याशी
भले ही दस नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन अब तक भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। ऐसे में अभी भाजपा प्रत्याशी मैदान में उतरने के बाद ही चुनावी सरगर्मियां जोर पकड़ सकेंगी। सपा प्रत्याशी व अन्य नामांकन कब करेंगे, इस संबंध में भी अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।