करहल (मैनपुरी)। गांव साज हाजीपुर निवासी एक महिला ने सराफा व्यापारी पर गिरवी रखे हुए जेवर हड़पने का आरोप लगाया। कहा कि जब गहने वापस मांगेे तो गाली-गलौज की गई। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव साज हाजीपुर निवासी सुधा देवी ने बताया कि अगस्त माह में उसने एक सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी और एक जोड़ी कुंडल एक सराफा व्यापारी के यहां 15 हजार रुपया में गिरवी रखे थे। रुपया की व्यवस्था न हो पाने की वजह से वह जल्द ही जेवर नहीं छुड़ा सकी। इस बीच सराफा व्यापारी की मृत्यु हो गई। अब दुकान को उसके बेटे ने संभाल लिया है।
रुपयों का इंतजाम होने के बाद वह दुकान पर अपने गिरवी रखे जेवर लेने के लिए गई तो सराफा व्यापारी के पुत्र ने कहा कि दो दिन बाद आना। दो दिन बाद वह दुकान पर गई तो वहां कुछ लड़के बैठे थे। सराफा व्यापारी गाली-गलौज करने लगा और कहा कि वह जेवर ले जा चुकी है। उसकी डायरी में गिरवी कटी हुई है। रविवार की दोपहर सुधा फिर दुकान पर गईं तो सराफा व्यापारी ने जेवर लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।