मैनपुरी के गांव गोकुलपुर में 24 जून को हुए सामूहिक हत्याकांड के बाद शिववीर के पिता पूरी तरह टूट गए हैं। मृत आत्माओं की शांति के लिए उन्होंने गांव में तेरहवीं संस्कार कराया। मृतकों के फोटो देख वो फूट-फूटकर रोने लगे। बोले- मेरी तो दुनिया ही उजड़ गई।
मैनपुरी के किशनी गांव गोकुलपुर में 24 जून को हुए सामूहिक हत्याकांड के बाद बुधवार को मृत आत्माओं की शांति के लिए तेरहवीं संस्कार संपन्न हुआ। वृद्ध सुभाष ने घर पर ब्राह्मण और कन्याओं को भोज कराया। ग्रामीणों ने मृतकों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव गोकुलपुर अरसारा में 24 जून को शिववीर यादव ने दो भाई, बहनोई, भाई के दोस्त व भाई की नवविवाहित पत्नी की फरसा से काटकर हत्या कर दी थी। पत्नी, मामी और पिता सुभाष को भी जान से मारने की कोशिश की थी। असफल होने पर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। सामूहिक हत्याकांड से पूरा प्रदेश दहल गया था। उक्त घटना के बाद बुधवार को गोकुलपुर अरसारा में वृद्ध सुभाष ने मृतकों की आत्माओं की शांति के लिए तेरहवीं संस्कार किया। वृद्ध सुभाष ने पत्नी के साथ ब्राह्मण व कन्याओं को भोज कराया। वहीं तेरहवीं संस्कार के दौरान रिश्तेदार व ग्रामीणों ने मृतकों के चित्रों पर पुष्प अर्पित श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सुभाष और पत्नी शारदा की आंखों से आंसू बह निकले।
लेनदेन को लेकर शुक्रवार को होगी पंचायत
गांव गोकुलपुर में हुए सामूहिक हत्याकांड में नवविवाहिता सोनी की भी फरसा से काट कर हत्या कर दी गई थी। बुधवार को तेरहवीं के बाद मृतका सोनी के पिता वेदराम निवासी गंगापुरा चौबिया इटावा की ओर से शुक्रवार का दिन तय किया गया है। मृतकों की अंत्येष्टि के बाद ही लेनदेन को लेकर बात शुरू हो गई थी। तब वेदराम की ओर से पांच लाख रुपये मांगे गए थे। लेकिन अब वह सुभाष के नाम 18 बीघा जमीन में से छह बीघा जमीन बैनामा करने की मांग कर रहे हैं। वेदराम का कहना है कि उन्होंने बेटी की शादी जमीन देखकर की थी। बेटी नहीं रही तो अब जमीन उसके नाम करो। शुक्रवार को होने वाली पंचायत में इस पर फैसला होगा।
मृतक आत्माओं की शांति के लिए गांव गोकुलपुर अरसारा में बुधवार को तेरहवीं संस्कार हुआ। सामूहिक हत्याकांड में पति को खोने वाली आरोपी शिववीर की विधवा बहन प्रियंका नहीं पहुंची। वृद्ध पिता सुभाष और मां शारदा देवी की आंखें बेटी को तलाशती नजर आईं। समधी ने आकर बताया कि प्रियंका की तबीयत ठीक नहीं है, इस वजह से वह नहीं आ सकी।