बटेश्वर। उत्तर भारत के विख्यात बटेश्वर लोक मेला में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को देशभर के साधु-संत मुख्य स्नान करेंगे। मुख्य स्नान पर्व उमड़ने वाली भारी भीड़ की संभावना के मद्देनजर मेला मेजबान जिला पंचायत ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यमुना के घाटों पर गोताखोर और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। पांच वाॅच टावर से अवांछनीय तत्वों की निगरानी की जाएगी। वहीं शिव मंदिर श्रंखला रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाने लगी है। साधु-संतों के शिविरों में लगातार भंडारे चल रहे हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के लिए मुख्य ब्रह्मलाल महादेव मंदिर सहित यमुना किनारे बने सभी मंदिरों को विशेष रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। यमुना के घाटों पर गोताखोरों और पीएसी के जवानों को मोटर बोट के साथ तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए पांच वॉच टावर बनाए गए हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न घाटों पर अस्थायी चेंजिंग रूम तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र में मोबाइल टॉयलेट की भी व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मेला परिसर में झूले, खिलौने, कपड़े, कंबल, पत्थर के सामान, भोजनालय (ढाबे), ढोलक, प्रसिद्ध खजला, बक्से और महिलाओं के साज-श्रृंगार की दुकानों पर रविवार सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो गई। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखते हुए आगरा से एंटी-सबोटाज टीम और पुलिस डॉग स्क्वायड भी मेला क्षेत्र में पहुंच गए हैं। मेला कोतवाल राजेश कुमार ने बताया मुख्य पूर्णिमा स्नान पर्व पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
बैकुंठ चतुर्दशी पर आज शाम होगा दीपदान
सोमवार सुबह 11 बजे से ही मेले के बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाएगी। वहीं, शाम को बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर हजारों श्रद्धालु मेला क्षेत्र में पहुंचेंगे और अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए यमुना नदी में दीपदान करेंगे। इसके साथ ही मुख्य स्नान पर्व के लिए यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो जाएगा।