आगरा। अग्रवाल समाज की मांग पर उत्तर भारत के ऐतिहासिक आगरा कॉलेज में महाराजा अग्रसेन शोधपीठ की स्थापना की जाएगी। यह जानकारी योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने रविवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा ने पूरे विश्व का मार्गदर्शन किया है। देश के विद्वानों ने सिद्धांत, दर्शन और शोधों के जरिये जीवन जीने की पद्धति सिखाई है। ऐसे विद्वानों में महाराजा अग्रसेन का विशिष्ट स्थान है। महाराजा अग्रसेन ने जो चिंतन देकर समाज का मार्गदर्शन किया, उससे समाज को आपसी सहयोग से सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक प्रगति की दिशा मिली।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल समेत कई लोगों ने शोधपीठ के संबंध में संपर्क किया था। इसके बाद मंत्री ने विभागीय प्रमुख सचिव को आदेश दे दिए हैं। मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन शोधपीठ डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से संबद्ध रहेगी। भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रवर्तकों के विचार, चिंतन और दर्शन पर शोध और अध्ययन के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने विभिन्न विश्वविद्यालयों और बड़े महाविद्यालयों में शोधपीठों की स्थापना का निर्णय लिया है। इन शोधपीठों में अध्ययन, व्याख्यान मालाओं के जरिये उनके विचारों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।
-
अग्रवाल समाज ने किया सम्मान
महाराजा अग्रसेन महाराज के नाम से शोधपीठ की स्थापना की घोषणा पर आगरा के श्री अग्रवाल संघ ने खुशी जताई है। समाजसेवी गौरव बंसल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज के लोगों ने उच्च शिक्षा मंत्री का माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। लोगों ने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल का भी आभार जताया। सम्मान समारोह के दौरान प्रमुख रूप से ओम स्वरूप गर्ग, अजय अवागढ़, दिनेश अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, देवेंद्र गोयल, मनोज गर्ग, राजेश जिंदल आदि मौजूद रहे।