रामजन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि केंद्र में मोदी और उत्तरप्रदेश में योगी सरकार देश हित में बड़े-बड़े निर्णय ले रही है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दी गई है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार के कार्यकाल में ही अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू होगा।
महंत नृत्यगोपाल दास 15 दिन के लिए चैतन्य विहार स्थित नारायण आश्रम में वृंदावन प्रवास कर रहे हैं। शनिवार को अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि करोड़ों हिंदुओं के आराध्य प्रभु राम का मंदिर का निर्माण होकर रहेगा। उन्हें पूरा विश्वास है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा राम मंदिर निर्माण के पक्ष में ही परिणाम आएगा।
नृत्यगोपाल दास ने कहा कि यह रामभक्तों के लिए अच्छे संकेत हैं कि सुप्रीम कोर्ट में प्रतिदिन अयोध्या रामजन्म भूमि को लेकर सुनवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकारें हिंदुओं के मानबिंदुओं की रक्षा को लेकर कार्य कर रही हैं। गो रक्षा, यमुना गंगा की सफाई के क्षेत्र में भी कार्य हो रहा है।