कासगंज में एक दुकान पर बिक्री के लिए रखीं दालें
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। महंगाई लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही है। दलहन और तिलहन में फिर से तेजी आ गई है। अरहर की दाल में करीब 30 प्रतिशत और सरसों के तेल की कीमतों में 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती कीमतों से लोगों की रसोई का बजट लगातार प्रभावित हो रहा है।
एक पखवाड़े पहले दाल, घी, तेल के दामों में उछाल आया था। 10 प्रतिशत तक इनकी कीमतें बढ़ गई थी। इसके बाद अब एक बार फिर से अरहर की दाल, राजमा एवं सरसों के तेल की कीमतों में तेजी का रुख हो गया है। सबसे अधिक कीमतें अरहर की दाल की बढ़ी हैं। इस दाल की कीमतों में फुटकर बाजार में 30 प्रतिशत तक की तेजी का रुख है। इसी तरह से राजमा 10 प्रतिशत तक महंगा हुआ है। वहीं, सरसों का तेल 5 रुपये किलो महंगा हो गया है। अन्य दालों के भाव में इस पखवाड़े महंगाई तो नहीं आई है, लेकिन इनकी कीमतें भी काफी अधिक हैं। मूंग, उड़द, मसूर की दाल 100 रुपये किलो के भाव से बिक रही हैं।