मदिया कटरा ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता और रेलवे के सीनियर डिवीजनल अधिकारियों ने नारियल फोड़कर रास्ता खोला।
मदिया कटरा रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पर मरम्मत कार्य पूरा हो गया है। छह अप्रैल से चल रहा कार्य पूरा होने पर 35 दिन बाद मंगलवार को यातायात खोल दिया गया। इससे लोगों के लिए आवागमन सुगम हो गया। रेलवे ने डबल स्टैक कंटेनर ट्रेन के संचालन के लिए ओवरब्रिज को ऊंचा कराने का काम शुरू कराया था।
विज्ञापन
मदिया कटरा रेलवे ओवर ब्रिज पर छह अप्रैल को काम शुरू हुआ था। इस मार्ग पर आवागमन रोका गया था। हलवाई की बगीची की ओर से आने वाले वाहनों को तोता का ताल, न्यू राजा मंडी कॉलोनी, सेंट जोंस चौराहा होते हुए निकाला जा रहा था। वहीं देहली गेट की ओर से आने वाले वाहनों को आरबीएस चौराहा से हाईवे होते हुए निकाला जा रहा था। रेलवे ने 10 मई तक आरओबी को बंद रखने की अनुमति मांगी थी। मंगलवार को एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने विधिवत रूप से रेलवे अधिकारियों के साथ आरओबी पर यातायात शुरू कराया।
लोगों को मिलेेगी राहत
मदिया कटरा आरओबी के बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हाईवे पर जाम में फंस रहे थे। वहीं सेंटजोंस से आने में भी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा था। देहली गेट के अस्पतालों से आने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस रही थीं। अब आरओबी के चालू होने से लोगों को राहत मिलेगी।