कासगंज। सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान को पूरी तरह से सफल बनाए जाने के लिए सामुदायिक शौचालय बनवाए जाएंगे। इनका निर्माण राज्य वित्त एवं 14वां वित्त आयोग की धनराशि से कराया जाएगा। सामुदायिक शौचालयों में महिलाओं दिव्यांगों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत सामुदायिक शौचालय का निर्माण प्रत्येक ग्राम पंचायत में कराया जाना है। यदि महिलाओं के लिए पृथक सामुदायिक शौचालय की आवश्यकता न हो तो ऐसे सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा जिसे महिला व पुरुष दोनों ही प्रयोग कर सकें। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऐसे स्थलों को चिह्नित किया जाएगा, जहां व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए स्थान का अभाव हो, चयनित स्थल लाभ प्राप्त करने वाली आबादी से समुचित दूरी पर हो।
महिलाओं एवं दिव्यांगों का रखा जाएगा विशेष ध्यान
कासगंज। सामुदायिक शौचालय में कम से कम दो सीटें महिलाओं के लिए तथा दो सीटें पुरुषों के लिए व आवश्यकतानुसार स्नान की जगह भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रस्तावित सीटों में से एक शौचालय की सीट दिव्यांगों के अनुकूल निर्मित कराई जाएगी। इसकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की होगी।
सामुदायिक शौचालय का निर्माण पहली प्राथमिकता
सचिव एवं ग्राम प्रधान को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायतों द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता में रहेगा। ग्राम पंचायतों में पहले इसका निर्माण कराया जाए इसके बाद अन्य विकास कार्य किए जाएं।
शहनाज अंसारी, जिल पंचायत राज अधिकारी।