मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में बुधवार को चेकिंग करने गई विद्युत विभाग की टीम पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। कर्मियों को लाठी डंडा से पीटकर घायल कर दिया। कर्मियों ने वहां से भागकर जान बचाई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच व तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र में बुझिया उपकेंद्र पर तैनात जेई मनीष यादव टीम प्रवर्तन दल के साथ गांव लक्ष्मीपुर बिजली चेकिंग करने के लिए गए थे। गांव से गुजरते वक्त देखा कि चार पांच मोटर पंप चल रहे थे। वह टीम के साथ जांच करने के लिए वहां जाने लगे। टीम के सदस्य मोटर पंप के पास खड़े उपेंद्र सिंह से पूछताछ कर रहे थे।
आरोप है कि तभी गांव के पांच-छह युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां आए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। युवकों ने गाली-गलौज करते हुए टीम पर हमला कर दिया। टीम के सदस्य मौके से किसी तरह से भाग निकले। हमलावरों ने संविदाकर्मी प्रदीप कुमार, मदन कुमार, टीजी टू पुरुषोत्तम को पीटकर घायल कर दिया। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने पांच छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
-रमाकर सिंह, प्रभारी निरीक्षण कुर्रा