राष्ट्रगान और शहीदों के सम्मान की याद दिलाने वाला अमर उजाला का अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ इस साल 15 जुलाई से आरंभ होगा। वर्ष 2011 में शुरू हुआ अभियान इस साल भी आगरा कालेज से निकलने वाले मशाल जुलूस ‘अलख आजादी की’ के साथ शुरू होगा। इसी सिलसिले में अमर उजाला परिसर में हुई स्कूल संचालकों, शिक्षकों व छात्र संगठनों की बैठक में इस साल के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। वक्ताओं ने अभियान को शहर का वार्षिक उत्सव बताते हुए कहा कि अब सभी को इसका इंतजार रहता है।
एक बार फिर 15 अगस्त के दिन चौराहे सजेंगे। ठीक दस बजे राष्ट्रगान पर जहां होगा 52 सेकेंड के लिए थम जाएगा। सब एक साथ जन मन गन... गाएंगे। इससे पहले इस सबसे बड़े राष्ट्रगान के लिए एक माह तक विविध आयोजन होंगे। 15 जुलाई को मशाल जुलूस आगरा कालेज से सेंट जोंस, हरिपर्वत होता शहीद स्मारक पहुंचेगा। यहां स्वाधीनता सेनानियों के सम्मान समारोह के बाद अमर शहीदों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी जाएगी। सोमवार को महाअभियान की पहली बैठक में स्कूल संचालक और शिक्षा से जुड़े लोग शामिल हुए। उन्होंने नई पीढ़ी को आजादी का महत्व बताने वाले इस अभिनव प्रयास को दिल से सराहा और अपने सुझाव भी दिए।
आजादी कितने बलिदानों के बाद मिली है, यह नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी और कर्तव्य भी है। मां तुझे प्रणाम यह कार्य कर रहा है।
-संजय तोमर, अध्यक्ष अप्सा
आजादी के इतिहास को क्विज या निबंध प्रतियोगिता के जरिए नई पीढ़ी तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है। अप्सा सहयोग करेगी।
-प्रद्युम्न चतुर्वेदी, अप्सा
राष्ट्रीय संपत्ति को किसी भी तरह से होने वाले नुकसान से बचाया जाए, युवाओं को इसके लिए भी जागरूक करने का प्रयास किया जाए।
-डा. वाईपी सिंह, अध्यक्ष, प्रधानाचार्य परिषद
‘मां तुझे प्रणाम’ में युवाआें की भागेदारी ज्यादा जरूरी है। सभी छात्र संगठनाें को इस अभियान में बढ़चढ़ कर भागीदारी करनी चाहिए।
-गगन जादौन, समाजवादी छात्र सभा
मजबूत नागरिक देश की रीढ़ होते हैं। नशे की लत कमजोर बनाती हैं। नशाखोरी के खिलाफ संदेश भी दिया जा सके तो राष्ट्रभक्ति ही होगी।
-अखिलेश कुलश्रेष्ठ
बेटियों को आत्मरक्षा में सक्षम बनाने की योजना पर विचार होता है तो मेरी टीम सहयोग करेगी। हम मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देने को तैयार हैं।
पंकज शर्मा, ताइक्वांडो एक्सपर्ट
अप्सा की तैयारी बैठक 11 को
जश्ने आजादी के इस अनूठे अभियान में भागीदारी भी गौरव की बात है। अप्सा ने कुछ इसी भावना के साथ सभी सदस्य स्कूलाें की 11 जुलाई को बैठक बुलाई है। इसमें मशाल जुलूस व अन्य कार्यक्रमों में भागीदारी की रूपरेखा तय की जाएगी। अप्सा के सचिव सुशील गुप्ता ने बैठक में यह जानकारी दी।
हर ब्लाक तक पहुंचेगा संदेश
राष्ट्रगान के प्रति सम्मान का संदेश पूरे जिले में फैले। इसके लिए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आगे बढ़कर विशेष जिम्मेदारी ली। अध्यक्ष राजेेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि मां तुझे प्रणाम शृंखला के तहत शिक्षक प्रत्येक ब्लाक में पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति भी जागरूक करेंगे।
बैठक के भागीदार
डा. गिरधर शर्मा, डा. अनिल वशिष्ठ, सोमदेव सारस्वत, डा. एसएस यादव, रविंद्र नाथ शर्मा, अशोक वर्मा, योगेश गौतम, बृजेश दीक्षित, आलोक यादव, राहुल शर्मा, सनी चौहान, विपिन यादव, अभय प्रताप यादव, गौरव पाराशर, प्रभाकर जादौन, देवांश, राजेंद्र प्रसाद त्यागी आदि।