मैनपुरी। लखनऊ कचहरी में वकील पर हुए जानलेवा हमले के बाद जिले में भी चौकसी बढ़ा दी गई। बृहस्पतिवार को पुलिस बल के साथ पहुंचे डीएम, एसपी ने दीवानी परिसर में वादकारियों और वाहन चालकों सहित वाहनों की चेकिंग कराई।
दीवानी के मुख्य द्वार पर सघन तलाशी के बाद ही वकीलों और वादकारियों को प्रवेश दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को लखनऊ कचहरी परिसर में वकील पर बम से किए गए जानलेवा हमले के बाद पुलिस ने दीवानी परिसर में चौकसी बढ़ाई। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी अभय नरायण राय, इंस्पेक्टर कोतवाली पीआर शर्मा पुलिस बल के साथ दीवानी परिसर में पहुंच गए।
दीवानी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करके अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। डीएम ने परिसर में मौजूद लोगों, वाहन चालकों सहित वाहनों की तलाशी कराई। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सीओ सिटी से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मुख्य द्वार पर सघन तलाशी केे बाद ही अदालत परिसर में प्रवेश देने के निर्देश दिए।
डॉग स्क्वॉड से कराई चेकिंग
डीएम, एसपी दीवानी परिसर में पूरी तैयारी के साथ पहुंचे। डॉग स्क्वॉड, मेटल डिटेक्टर टीम से दीवानी परिसर में चेकिंग कराई। परिसर में चारों ओर घूमकर मेटल डिटेक्टर टीम ने तलाशी ली।
अदालत में गोली चलने केे बाद बढ़ी थी सुरक्षा
दीवानी न्यायालय में एक महीने पहले एक अपराधी द्वारा खुद को गोली मार लेने के बाद दीवानी परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुख्य द्वार पर सघन तलाशी केे बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। अदालतों केे मुख्य द्वार पर अलग से चेकिंग की जा रही है। अधिवक्ताओं को वाहन पास और परिचय पत्र दिए गए हैं।