सोरोंजी। ऑनलाइन गेम में रुपये हारने पर गांव नगला भूतल के युवक ने फंदा लगाकर पेड़ से लटक कर जान दे दी। इससे पहले युवक ने अपना वीडियो भी बनाया। इसमें वह ऑनलाइन गेम में रुपये हारने की वजह से दुनिया को छोड़कर जाने की बात कह रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। गांव गंगाबांस नगला भूतल निवासी युवक अरुण कुमार (22) पुत्र ओंकार का शव सोमवार की सुबह गांव से 200 मीटर दूर सागरपुर में शीशम के पेड़ पर लटका मिला। मृतक के चाचा नेत्रपाल ने बताया कि वह गांव सागरपुर में ईंट भट्ठे पर मजदूरी का कार्य करता था। वह सुबह तड़के ही भट्ठे पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद उसका शव शीशम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। युवक के शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से फंदे से उतरवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि मृतक युवक ऑनलाइन गेम में 20 हजार रुपये हार गया था। उसने मौत से पहले वीडियो बनाकर गेम में रुपये हारने की बात कहकर दुनिया छोड़ने की बात कही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन की ओर से कोई तहरीर भी नहीं मिली है।