फिरोजाबाद के जसराना में गुरुवार शाम को शीतगृह से आलू बीज लेकर लौट रहे किसान के साथ बाइक और कार सवार बदमाशों ने मारपीट की और एक लाख रुपये की नकदी लूट ली। दिलीप निवासी खेरिया पट्टी थाना गांव जसराना निवासी अपने साथी सचिन के साथ जसराना के ही विष्णु दयाल कोल्ड स्टोरेज से आलू बीज एवं खाद खरीद के लिए जरूरी धनराशि लेने गया था।
दोनों काम निपटाने के बाद शाम करीब सवा सात बजे ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। फरिहा रोड स्थित माता मंदिर के समीप अचानक बाइक और कार सवार आधा दर्जन लोगों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान बदमाशों ने दिलीप से एक लाख की नकदी छीन ली और फरार हो गए।
एसओ दिनेश कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और मामले की पड़ताल की। एसओ जसराना दिनेश कुमार सिंह ने किसानों के साथ मारपीट की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।