मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने रविवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने डेढ़ साल के बेटे पर तमंचा तानकर उसकी मां से जेवर उतरवा लिए। बेटे की जान खतरे में देखकर बेबस पिता भी कुछ नहीं कर सका और बदमाश फरार हो गए।
एटा जनपद के गांव करनापुर निवासी अश्वनी पत्नी गीता देवी और डेढ़ वर्षीय बेटे को लेकर गांव बृजपुर में शादी समारोह में गए थे। रविवार को दंपती बाइक से घर जा रहे थे। बिछवां थाना क्षेत्र में भनऊ पुल के पास अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
एक बदमाश ने उनके मासूम बेटे पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मां गीता देवी से सारे जेवर उतरवा लिए। बेटे पर तमंचा तना देख पिता अश्वनी भी कुछ नहीं कर सके। लूटपाट के बाद बदमाश फरार हो गए।
दंपती ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। एसओ बिछवां, सीओ भोगांव ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। पीड़ित के अनुसार बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और दो हजार नकदी लूटकर ले गए हैं। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
देश-दुनिया और अपने क्षेत्र की हर खबर सबसे पहले पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी कर सकते हैं।