अजीतगंज। थाना एलाऊ क्षेत्र में गांव अंबरपुर से गुजर रहे बंबा के पास बाइक सवार बदमाश एक
किसान से पांच हजार की नकदी लूट ले गए। जानकारी के अनुसार थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला सोती निवासी 60 वर्षीय किसान भीकम सिंह शुक्रवार को बैंक से रुपये निकालने के लिए गए थे।
दोपहर करीब दो बजे वह पांच हजार कैश निकालने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। पीड़ित के अनुसार जब वह अंबरपुर स्थित बंबा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने रोक कर गांव का रास्ता पूछा।
किसान कुछ बता पाता इससे पहले ही बदमाशों ने जेब में रखे पांच हजार रुपये छीन लिए और वहां से भाग गए। किसान के शोर मचाने पर वहां लोग जमा हो गए, लेकिन तब तक बाइक सवार बदमाश नजरों से ओझल हो चुके थे। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी।