दन्नाहार। सीतापुर जाने वाले मार्ग पर रविवार की शाम बाइक से घिरोर जा रहे भाई और बहन से मारपीट कर नकदी जेवर लूट लिए गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस लूट की घटना से इनकार कर रही है। पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी अजय कुमार रविवार की शाम करीब 6:30 बजे अपनी बहन को घिरोर के नगला कंचन स्थित ससुराल छोड़ने जा रहा था। बाइक जब गांव सीतापुर जाने वाले मार्ग पर पहुंची, तभी वहां मौजूद चार बदमाशों ने रोक लिया, अजय के साथ मारपीट करते हुए नकदी लूट ली, वहीं उसकी बहन से सोने की चेन, कुंडल व पांच हजार की नकदी लूटने के बाद भाग गए।
लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई। इंस्पेक्टर आदित्य कुमार ने बताया कि मामला सड़क पर आलू गिरने के बाद मारपीट का है। लूट के आरोप पूरी तरह से निराधार हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।