अति संवेदनशील ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही का मामला सामने आया है। यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) विजय कुमार ने शनिवार को ताजमहल की सुरक्षा का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें ताज के भीतरी हिस्से में कुछ सीसीटीवी कैमरे खराब मिले।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। दशहरा घाट पर भी बोट गश्त को निरंतर जारी रखने को कहा। तकरीबन दो घंटे तक उन्होंने ताज के हर सुरक्षा बिंदु को परखा।
एडीजी ने सुबह ताजमहल के पूर्वी गेट से निरीक्षण शुरू किया। उन्होंने दक्षिणी गेट और पश्चिमी गेटों पर सुरक्षा का जायजा लिया। दशहरा घाट पहुंचकर यमुना से ताज की सुरक्षा का जायजा लेने के बाद नाव से निरंतर निगरानी की जरूरत बताई।
यहां खराब मिले सीसीटीवी कैमरे
ताजमहल
- फोटो : अमर उजाला
ताज के भीतरी परिसर (रेड जोन) में लगे सीसीटीवी कैमरों का जायजा लिया, उन्हें कुछ सीटीटीवी कैमरे खराब मिले। उन्होंने अन्य बिंदुओं पर भी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। यलो जोन और रेड जोन की सुरक्षा व्यवस्था में लगे जवानों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि ताज की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। इसे और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आम पब्लिक के साथ-साथ सीआईएसएफ, एएसआई और पर्यटन पुलिस से सुझाव मांगे गए हैं ताकि सुझावों के आधार पर सुरक्षा प्लान को और बेहतर बनाया जा सके।
इसके बाद हुई समीक्षा बैठक में एडीजी ने यलो जोन और रेड जोन की सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन किया। इस दौरान सीआईएसएफ के कमांडेंट, एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।