कासगंज। सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव लौंगपुर में बंबा के ओवरफ्लो होने से उसका पानी खेतों में भर जाने की समस्या का संज्ञान लेते हुए सहावर एसडीएम और सिंचाई विभाग ने उसका समाधान कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। सिढ़पुरा के लौंगपुर में बंबा में पानी ओवरफ्लो होने के कारण 20 से अधिक किसानों की 200 बीघा फसलें जलमग्न हो गईं। प्रभावित होने वाली इन फसलों में आलू, प्याज, सरसों आदि प्रमुख थीं। किसान लगातार ओवरफ्लो बंबा की समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। बंबा की गूल बंद होना इसका प्रमुख कारण था। अतिक्रमण की वजह से यह गूल कई वर्षों से बंद पड़ी थी। तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को जेसीबी से अतिक्रमण हटवाकर बंद गूल को खुलवाया। पानी को बंद होने से किसानों को राहत मिली। किसान बाबूराम, अतिराज, धर्मपाल सिंह, राजेंद्र सिंह ने कहा कि बंबा का पानी फसलों में भर जाने से काफी नुकसान हो गया। अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि लौंगपुर में बंबा ओवरफ्लो होने की सूचना पर पानी को रुकवाया गया। प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाकर गूल को खुलवा दिया गया है। अब ओवरफ्लो की समस्या नहीं होगी।