सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ
आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए भाजपा पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के कद्दावर नेताओं की जनसभाएं आयोजित कराई जा रही हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम तय हो गया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी आएंगी।
भाजपा के आगरा लोकसभा क्षेत्र संयोजक वरिष्ठ नेता प्रमोद गुप्ता के अनुसार, 10 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत जलेसर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री राजनाथ सिंह एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के आंवलखेड़ा में 14 अप्रैल को सभा करेंगे।
इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इनके अलावा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 8 अप्रैल को आईटी क्षेत्र से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। उनका कार्यक्रम सिंगना स्थित ट्रेड सेंटर में हो सकता है। इसमें आगरा और सीकरी दोनों लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता होंगे।
बता दें कि भाजपा ने इस बार आगरा सीट से मौजूदा सांसद रामशंकर कठेरिया का टिकट काटकर एसपी सिंह बघेल को चुनाव मैदान में उतारा है, वहीं फतेहपुर सीकरी से किसान नेता राजकुमार चाहर भाजपा प्रत्याशी है। यहां से मौजूदा सांसद बाबूलाल चौधरी का टिकट काटा गया है।