मैनपुरी संसदीय क्षेत्र से सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। यहां से वो पांचवीं बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। 23 साल पहले मैनपुरी सीट से ही जीत हासिल कर मुलायम केंद्र की सत्ता में पहुंचे थे। रक्षा मंत्री की कुर्सी संभाली थी।
संयोग की बात यह कि 23 साल पहले मुलायम सिंह के सामने भाजपा ने बेवर परिवार के जिस बाहुबली नेता को चुनाव मैदान में उतारा था, उनके भाई पूर्व विधायक शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर ताल ठोंकी है। शिवराज ने मैनपुरी से नामांकन पत्र खरीद लिया है। वो किस दल से चुनाव लड़ेंगे यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में सपा ने मुलायम सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया था। भाजपा ने उनके सामने बेवर के बाहुबली विधायक उपदेश सिंह चौहान खलीफा को मैदान में उतारा था। उपदेश सिंह की चुनावी कमान उनके भाई पूर्व विधायक शिवराज सिंह चौहान पीटीआई ने संभाली थी।