लॉकडाउन में मालगाड़ियों से दवाओं के साथ ही रोजमर्रा की जरूरत की चीजें आम लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन को चलाने वाले लोको पायलट पंकज गर्ग इन दिनों ताजनगरी में दूध की सप्लाई कर रहे हैं।
लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही यात्री ट्रेनों के पहिये भले ही थम गए हों, लेकिन रेलवे ने मालगाड़ियों से परिवहन जारी रखा। रेलवे ने स्पेशल पार्सल ट्रेनों को शुरू किया, जोकि दवाएं और राशन से लेकर अन्य चीजें मुहैया करा रही हैं।
गतिमान एक्सप्रेस के नई दिल्ली निवासी लोको पायलट पंकज गर्ग रोजाना ताजनगरी आ रहे हैं, लेकिन उनकी भूमिका बदल गई है। वो सेमी हाईस्पीड ट्रेन की जगह तेज रफ्तार मालगाड़ी लेकर आगरा पहुंच रहे हैं। दिल्ली से ताजनगरी में दूध ला रहे हैं।
गाड़ी पांच टैंकर दूध लेकर आती है। इसके बाद यहां से सप्लाई हो रही है। पंकज गर्ग ने बताया कि वो सप्लाई देने के बाद दूसरी मालगाड़ी से दिल्ली पहुंचते हैं। तेज रफ्तार गतिमान चलाने से ज्यादा महत्वपूर्ण लोगों तक उनकी जरूरत का सामान पहुंचाने में अच्छा लग रहा है।