लॉकडाउन के कारण राजस्थान के कोटा में फंसे सैकड़ों छात्र-छात्राओं को लेकर उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें शनिवार को फतेहपुर सीकरी पहुंचीं। यहां एक होटल में आगरा की चिकित्सकों की टीम और फतेहपुर सीकरी के स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्र-छात्राओं की स्क्रीनिंग की।
कोटा से लौटे ज्यादातर विद्यार्थी कानपुर, इटावा और औरैया के हैं। स्क्रीनिंग के बाद इन छात्र-छात्राओं को रोडवेज बसों में बैठाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। आगरा के छात्रों को लेकर कोटा से पांच और बसें अभी रवाना हुई है। वहां से आने वाली बसों को फतेहपुर सीकरी में रोका जा रही है।
हर बस में एक-एक मीटर की दूरी पर छात्र-छात्राओं को बैठाया गया है। छात्र छात्राओं को खाने और भोजन की पूरी व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक बस में पुलिस भी तैनात है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों की सहूलियत का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।