आगरा में दो दिन बंद रखी जाने के बाद सिकंदरा सब्जी मंडी मंगलवार से खुलेगी। थोक और फुटकर विक्रेताओं को केवल पास से ही प्रवेश दिया जाएगा। थोक व्यापारी ने मास्क नहीं लगाया तो पहली बार में 500, दूसरी में 1000 का जुर्माना लगेगा। तीसरी बार में लाइसेंस निरस्त होगा। अन्य लोगों पर पहली बार में 200, दूसरी में 500 और तीसरी में 1500 रुपये जुर्माना लगेगा।
सामाजिक दूरी का पालन न होने पर थोक व्यापारी पर पहली बार में एक हजार का जुर्माना और दूसरी बार में लाइसेंस निलंबित कर दिया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह ने यह आदेश जारी किया है। मंडी एक ही शिफ्ट में खुलेगी। सुबह सात से दोपहर दो बजे तक काम होगा। उन्होंने बताया सोमवार को मंडी को सैनिटाइज कराया गया है। बरौली अहीर सब्जी मंडी मंगलवार को सैनिटाइज होगी।
फुटकर विक्रेताओं को ठेल ले जाने की अनुमति नहीं
सब्जी बेचने के लिए एक वाहन पर एक ही किसान को अनुमति होगी। फुटकर विक्रेताओं को ठेल अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। थोक विक्रेता दूर दूर बैठेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट एवं मंडी सभापति अरुण कुमार ने बताया कि सिकंदरा सब्जी मंडी को शिफ्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।