01एमएनपी-68-बजाजा बाजार में दोपहर को खुली दुकानें और खाली पड़ी सड़क
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। अनलॉक-1 से दुकानदार और ग्राहक दोनों को बहुत उम्मीद थी, लेकिन प्रशासन के आदेश के आगे किसी की नहीं चली। पूरे बाजार का लॉक नहीं खुल सका। कहीं दुकानें नंबर से खुलीं तो कुछ बाजार पूरी तरह बंद ही रहे।
पहले दिन बाजार में भीड़ उमड़ने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन आम दिनों की तरह ही लोग बाजारों में सामान लेने के लिए पहुंचे। प्रशासन ने इससे निपटने के लिए बाजारों के रास्तों पर बैरियर लगाने के साथ ही फोर्स की भी तैनाती की थी। लेनगंज, तांगा स्टैंड, घंटाघर चौराहा आदि पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मी चेकिंग करते रहे। बिना मास्क के आने वाले लोगों को लौटा दिया गया। दिन चढ़ने और ढलने के साथ भी बाजार में माहौल भी बदलता रहा।
---
दृश्य एक: बजाजा बाजार
बजाजा बाजार में कपड़े और सराफा कारोबारियों की दुकानें हैं। सोमवार को सुबह नंबरिंग व्यवस्था के तहत ही दुकानें खुलीं। हालांकि यहां न के बराबर ग्राहक पहुंचे। यहां दो-चार ग्राहक ही नजर आए। घंटाघर से बाजार के लिए आने वाली रोड पर बैरीकेडिंग होने से भी ग्राहकों की संख्या काम रही। शाम होते ही पूरा बाजार प्रशासन ने बंद करा दिया।
---
दृश्य दो: लेनगंज
शहर के किराना बाजार कहे जाने वाले लेनगंज में नंबरिंग के अनुसार दुकानें खोली गईं। बिना नंबर के खुलीं दुकानों को प्रशासन ने बंद करा दिया। यहां दिन भर लोगों ने खरीदारी की। अधिक भीड़ न होने से कोई समस्या नहीं हुई। शाम को छह बजे ही प्रशासन ने बाजार बंद करा दिया।
---
दृश्य तीन: आगरा रोड
शहर के आगरा रोड पर सुबह से लेकर शाम तक केवल पैदल लोग ही नजर आए। इस रोड पर प्रशासन की अनुमति न मिलने के चलते दुकानें नहीं खुल सकी। तांगा स्टैंड पर बैरियर लगा होने के चलते यहां कोई भी भीड़ नहीं रही।
---
दृश्य तीन: स्टेशन रोड
स्टेशन रोड पर भी हालात लॉकडाउन 4.0 की तरह ही रहे। यहां नंबर के आधार पर ही दुकानें खुलीं। क्रिश्चियन तिराहा और भांवत चौराहा पर पुलिसकर्मी आने जाने वालों को रोक रहे थे। स्टेेशन रोड पर स्थित बैंकों में दिनभर भीड़ लगी रही।