बेवर में कंटेनर से उतरते मजदूर
- फोटो : MAINPURI
बेवर (मैनपुरी)। दूसरे जिलों और प्रदेशों से मजदूरों के घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। अपनों के बीच पहुंचने की लालसा में मजदूर हर जोखिम उठाकर सफर तय कर रहे हैं। बुधवार को एक कंटेनर से बेवर पहुंचे बिहार के मजदूर साइकिलों से ही अपने घरों के लिए रवाना हो गए।
केंद्र और प्रदेश सरकारों की अपील के बाद भी मजदूरों का पलायन जारी है। बुधवार को डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर एक कंटेनर से बेवर पहुंचे। जीटी रोड पर कंटेनर चालक ने उनको साइकिलों सहित उतार दिया। मजदूर राजेंद्र पंडित ने बताया कि वह लोग दिल्ली से बिहार के लिए साइकिलों से चले हैं।
अलीगढ़ से एक कंटेनर से बेवर पहुंचे हैं। दिल्ली में एक फैक्टरी में पीतल की टोटियां बनाने का काम करते थे। लॉकडाउन के चलते मालिक ने उनको बाहर निकाल दिया। उनके लिए भोजन, ठहरने तक की व्यवस्था करने से मना कर दिया है। रास्ते में समाजसेवी ही खाने-पीने की व्यवस्था कर देते हैं।