09एमएनपी-15-ईशन नदी पुल पर गुजरने वाली रोडवेज बस के चालक से पूछताछ करते पुलिसकर्मी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। महानगरों से लगातार मजदूर पलायन करके अपने घरों में पहुंच रहे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने जुन्हैसा गांव में प्रवासी मजदूरों से कहा कि परिवार की सुरक्षा के लिए 14 दिन एकांत में ही रहें। सामाजिक दूरी का पालन हर हाल में करें।
डीएम ने गांव में आए 41 प्रवासी मजदूरों से संवाद किया। डीएम ने कहा दूसरे जिलों और प्रदेशों से घर आए प्रवासी मजदूरों को होम क्वारंटीन किया गया है। थानाध्यक्ष उन पर निगरानी कराएंगे। लेखपालों, ग्राम पंचायत सचिवों से फीडबैक लिया जाएगा। अगर प्रवासी मजदूर घर से बाहर मिलें तो उनके खिलाफ रिपोर्ट होगी। डीएम ने प्रवासी मजदूरों की समस्यायें सुनकर कहा कि उनको गांव में ही सारी सुविधा दी जाएगीं। परिवार की सुरक्षा के लिए प्रवासी मजदूर 14 दिन तक घर में एकांत में रहें। एसडीएम सदर रजनीकांत, कुरावली अनूप कुमार, सीओ सिटी अभय नरायन राय, सीओ कुरावली डीपी गौड मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान निभाएं जिम्मेदारी
डीएम ने कहा ग्राम प्रधान प्रवासी मजदूरों की जानकारी रखें। जिनके घरों में शौचालय नहीं हैं उन्हें अन्य स्थानों पर बने शौचालय का प्रयोग करने की अनुमति दें। उनके राशन कार्ड बनवाएं। एसडीएम, सीओ, बीडीओ नियमित रूप से निरीक्षण करके नजर रखें। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रवासी मजदूरों की दोबारा थर्मल स्क्रीनिंग करें।