मैनपुरी। कोरोना संक्रमित युवक की मौत और एक महिला में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मैनपुरी में एक फिर से सन्नाटा हो गया। जबकि सोमवार को बाजारों में रौनक थी। हाल ये हो गए कि किराना, मेडिकल स्टोर से लेकर बैंक सब कुछ बंद रहा।
सोमवार को जिले के ओरेंज जोन में होने के चलते प्रशासन ने ढील दे दी थी। इसमें किराना, कॉस्मेटिक्स, गिफ्ट सेंटर, शराब के ठेके व अन्य जरूरी चीज की दुकानों को खोलने की अनुमति मिल गई। दुकानें खुलने के बाद दिन भर बाजारों में भी लोगों ने खरीदारी की। मंगलवार की सुबह ही पंजाबी कॉलोनी निवासी युवक की कोरोना से मौत के बाद प्रशासन ने सब कुछ बंद करा दिया। इसका असर बुधवार को भी नजर आया। बाजारों में कोई दुकान नहीं खुली। सोमवार को जहां लेनगंज बाजार में भीड़ के चलते पैर रखने की भी जगह नहीं थी, वहां बुधवार को दूर-दूर तक कोई नजर नहीं आ रहा था। घरों से निकलने वाले लोगों को भी पुलिसकर्मी लौटाते रहे।
सख्ती के चलते लोगों को दवाएं भी मुहैया नहीं हो सकीं। बृहस्पतिवार को भी संपूर्ण लॉकडाउन के चलते ऐसे ही हालात रहेंगे।
पंजाबी कॉलोनी में रही नो एंट्री
हॉटस्पॉट घोषित की गई पंजाबी कॉलोनी में भी लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। गलियां सील होने के चलते यहां जरूरी सामान भी नहीं पहुंच सका। मंगलवार को सुबह 11 बजे प्रशासन ने ये गलियां सील कर दी थीं। इसके बाद से मंगलवार को भी फल, सब्जी, दूध व अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति नहीं कराई गई। लोगों के भी घरों से बाहर निकलने पर पाबंदी रही।
बैंकों में भी नहीं हुआ लेनदेन
बुधवार को संपूर्ण लॉकडाउन के चलते बैंकों में कर्मचारी तो पहुंचे, लेकिन आम जनता के लिए बैंक बंद ही रहे। कर्मचारियों द्वारा बैंक का काम निपटाया गया। अगर कोई व्यक्ति कैश के लिए पहुंचा तो उसे लौटा दिया गया। इससे कुछ लोग मायूस भी नजर आए।