मैनपुरी। गाजियबाद से परिवार के साथ बाइक से कन्नौज के एक गांव जा रहे युवक की सड़क
दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक को बुखार भी आ रहा था। परिजन शव जिला अस्पताल में छोड़कर भाग गए।
जनपद कन्नौज के थाना विशुनगढ़ क्षेत्र के गांव हरिहरपुर महादेव निवासी घनश्यामदास का 40 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र कुमार गाजियाबाद से अपने परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ बाइक से अपने घर जा रहा था। जनपद की सीमा पर जब वह नगला हरीराम के पास पहुंचा तभी मंगलवार दोपहर वह बाइक फिसलने से घायल हो गया। घायल को मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे तेज बुखार भी था। बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मौत होने के बाद साथ आए परिजन उसका शव अस्पताल में ही छोड़कर भाग गए। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी पर रखवा दिया है।
अस्पताल से पुलिस को भेजी गई सूचना
युवक की मौत के बाद परिजन शव छोड़कर भाग गए तो जिला अस्पताल के ईएमओ ने इसकी
सूचना कोतवाली पुलिस को भेजी। कोतवाली पुलिस अस्पताल से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों की तलाश में जुट गई है। देर शाम परिजनों के अस्पताल में पहुंचने की बात कही गई है।
घायल युवक को बुखार भी था। मौत के बाद साथ आए परिजन शव छोड़कर चले गए हैं। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवाया है।
-डॉ. उपेंद्र कुमार, ईएमओ
प्रदीप कुमार यादव