09एमएनपी-13-बाजार में पसरा सन्नाटा
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में एक और कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने जिले को 24 घंटे के लिए संपूर्ण लॉकडाउन कर दिया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही पूरे शहर को बंद करा दिया। इसके चलते बैंक, मेडिकल स्टोर पर सब्जी की दुकानें भी बंद रहीं।
प्रदेश के 15 जिलों में हॉट स्पॉट सील किए जाने के बाद मैनपुरी प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह के आदेश पर पूरे जिले को सील कर दिया गया है। खुद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय ने सुबह से ही शहर का निरीक्षण कर मेडिकल स्टोर भी बंद करा दिए। केवल एक मेडिकल ही शहर में खोला गया। इसके अलावा हथठेल पर सब्जी और फलों की बिक्री करने वाले लोगों को भी लौटा दिया। इससे सड़कों पर दिन भर सन्नाटा पसरा नजर आया। एसडीएम सदर रजनीकांत और सीओ सिटी अभय नरायन राय शहर में पूरे दिन घूमते रहे। गली मोहल्लों में घरों केे बारह खड़े मिले युवकों को पुलिस ने खदेड़ा। पुलिस के वाहनों से लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई। 24 घंटे तक घर से बाहर निकलने पर रिपोर्ट दर्ज कराकर जेल भेजने की चेतावनी दी गई। शहर की सभी बैंकें बंद करा दीं। खातों से रुपये निकालने के लिए घरों से निकले लोगों को पुलिस ने लौटा दिया। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।