कासगंज। लॉकडाउन के चलते कासगंज में सख्ती और बढ़ा दी गई है। नवीन मंडी स्थल में सामाजिक दूरी का पालन न होने की शिकायत पर प्रशासन ने सख्त रूख अपनाते हुए तहसील क्षेत्र में बाजार अलग-अलग सब्जी के लिए अधिकृत कर दिए हैं। सब्जी और फलों के लिए कासगंज, ढोलना, सोरों, मोहनपुरा के बाजार निर्धारित किए गए हैं।
मंडी समिति में विक्रेताओं और किसानों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। एसडीएम ललित कुमार ने जारी आदेशों में स्पष्ट किया है कि अब नवीन मंडी स्थल कासगंज में आलू, प्याज, टमाटर, नींबू, अदरक, लहसुन, अंगूर, केला, संतरा की बिक्री होगी।
ढोलना में लगने वाले बाजार में काशीफल, लौकी, खीरा और भिंडी बिकेगी। सोरों बाजार में खरबूज, तरबूज की बिक्री होगी। मोहनपुरा में तरबूज, खरबूज, शिमला मिर्च, अरबी की बिक्री होगी। इसके अलावा नवीन मंडी स्थल कासगंज में कोई बिक्री फुटकर या खुले रूप से किए जाने पर विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
सिर्फ थोक खरीदार ही पहुंचेंगे
गल्ला मंडी में अब सिर्फ सब्जी ले जाने वाले किसान और थोक सब्जी खरीदार ही पहुंच सकेंगे। केवल थोक सब्जी खरीदकर फुटकर बिक्री करेंगे। मंडी से फुटकर बिक्री नही की जाएगी।
- फल और सब्जी की बिक्री के लिए अलग अलग बाजार निर्धारित कर दिए गए हैं। निर्धारित बाजारों में सिर्फ किसान और थोक खरीदार ही पहुंचेंगे। सामाजिक दूरी का पालन न करने वालों पर मुकदमा होगा- ललित कुमार, एसडीएम।