कासगंज। लॉकडाउन का पालन कराने की अपील कर रहे प्रशासन ने मंगलवार को तल्ख तेवर दिखाए। शहर में प्रवेश करने की कोशिश पर 105 वाहनों के चालान काटे और 20 को सीज कर दिया। वहीं बेवजह सड़क पर घूमने वाले 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
मंगलवार सुबह से ही प्रशासन सख्त हो गया। डीएम सीपी सिंह, एसपी सुशील घुले निगरानी के लिए क्षेत्र में निकले। डीएम, एसपी ने जगह जगह गाड़ियां रोककर सड़कों पर घूमने वाले लोगों को हिदायत दी और घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। अधीनस्थों को निर्देश दिए कि बैरियरों, चौकियों पर सघन चेकिंग करें। बेवजह किसी को भी आने जाने न दें।
अधिकारियों के निर्देश पर एसडीएम सदर ललित कुमार, सीओ सिटी आरके तिवारी ने शहर में नाकाबंदी करते हुए स्वयं के नेतृत्व में जगह-जगह सघन चेकिंग कराई। पूरे ही शहर में बैरियरों पर निगरानी बढ़ा दी। पुलिस ने शहर में प्रवेश करने का कारण पूछा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर 105 वाहनों के चालान काट दिए। जबकि 20 को सीज कर दिया।
बेवजह सड़क पर घूमने वालों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई। काफी देर तक थाने चौकियों में बैठाने के बाद उन्हें छोड़ा गया। इसके अलावा कई मेडिकल स्टोर पर सामाजिक दूरी का पालन न होने पर पुलिस प्रशासन ने मेडिकल स्टोर स्वामियों को भी कड़ी हिदायत दी। कुछ मेडिकल बंद भी कराए।
ढिलाई नहीं बरती जाएगी
- लॉकडाउन का पालन सख्ती से कराया जाएगा। लोग सामाजिक दूरी का ख्याल रखें। चाहें सब्जी लेनी हो या फिर दवाएं किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं रहनी चाहिए। जो लोग लॉकडाउन का उल्लघंन करेंगे उनके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। - सीपी सिंह, डीएम।
कार्रवाई लगातार जारी है
- बेवजह सड़कों पर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। एमबी एक्ट में वाहनों का चालन किया जा रहा है। लोगों को पाबंद किया जा रहा है और उन्हें कड़ी हिदायत दी जा रही है। लोगों का सहयोग जरूरी है- सुशील घुले, एसपी।