उत्तर प्रदेश में कोरोना के चलते हालात गंभीर हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार ने सूबे में कोरोना कर्फ्यू यानी लॉकडाउन सोमवार तक के लिए बढ़ा दिया है। वहीं आगरा जनपद में आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं की आपूर्ति के लिए लॉकडाउन में ई-पास लेना पड़ेगा। बिना ई-पास कोई वाहन आवागमन नहीं करेगा। बुधवार को लॉकडाउन बढ़ने के बाद जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने यह निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कोविड की दूसरी लहर में अति आवश्यक कार्य से आवाजाही के लिए अनुमति एवं ई पास की व्यवस्था की गई है।
ई पास के लिए लिंक rahat.up.nic.in/epaas
बता दें कि 29 अप्रैल को योगी सरकार ने प्रदेश में शुक्रवार शाम आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक लॉकडाउन करने का निर्णय लिया था और फिर तीन मई को दो दिनों के लिए इसे और बढ़ा कर गुरुवार (6 मई) सुबह सात बजे तक कर दिया। इसके बाद आज मतलब बुधवार को इसकी मियाद सोमवार सुबह सात बजे तक कर दी है।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने मॉस्क न पहनने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बिना मास्क के बाहर निकलने वालों पर पहली बार एक हजार रुपये जुर्माना लिया जाएगा। दूसरी बार 10 गुना ज्यादा जुर्माना देना होगा। प्रदेश सरकार ने कोरोना प्रोटोकॉल कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों संग बैठक में कहा कि कोविड का वर्तमान स्ट्रेन लगातार रूप बदल रहा है। यह पहली लहर की तुलना में 30 से 50 गुना अधिक संक्रामक है। कुछ केस में देखा गया है कि कोविड टेस्ट में भी इसकी पुष्टि नहीं हो रही है, जबकि सी टी स्कैन में पता लग रहा कि लंग्स कोविड से प्रभावित है। ऐसे में हमें और सतर्कता के साथ काम करने की जरूरत है।
गांवों में घर-घर जा रही कोरोना जांच टीम
आपको बता दें कि ग्रामीण इलाकों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुधवार से घर-घर जांच अभियान शुरू हुआ। यह अभियान 9 मई तक चलेगा। इस दौरान गांव के हर व्यक्ति के बारे में जानकारी ली जाएगी, जिन लोगों में कोरोना के लक्षण होंगे अथवा जो दूसरे प्रदेश से लौट कर आए हैं उनकी कोविड जांच की जाएगी।
चिकित्सक की सलाह: एंटी बॉडी बनने पर भी लापरवाही न बरतें, फिर संक्रमित हो सकते हैं...