किराना की दुकान पर खड़ा व्यक्ति रोजमर्रा की चीजों का इंतजार करता हुआ।
- फोटो : अमर उजाला
सामाजिक दूरी बनाने के लिए फल, सब्जी, दूध, दवाई, आटा, दाल, चीनी सहित सभी जरूरी सामान की होम डिलीवरी कराने की व्यवस्था छह दिन बाद भी लागू नहीं हो पाई। प्रशासन ने दुकानदारों के मोबाइल नंबर तो जारी कर दिए लेकिन घर घर सामान पहुंचाने के लिए इनके पास कर्मचारी नहीं है। मंडी में ही सामान कम आ रहा है, इसलिए फुटकर दुकानों तक नहीं पहुंच रहा।
1. चार दिन में भी नहीं पहुंचा सामान
इंदिरा नगर के कुलदीप सिंह ने 26 मार्च को एप के जरिये बेस्ट प्राइस पर ऑर्डर बुक कराया, लेकिन उनके पास अब तक सप्लाई नहीं पहुंची। दुकानदार कह रहा है कि कर्मचारी ही नहीं है, सामान घर कैसे भेजें।
2. दो दिन पहले दिया ऑर्डर, सप्लाई नहीं हुई
बिग बाजार पर शाहगंज के नेतराम सिंह ने दो दिन पहले आर्डर भेजा था लेकिन उनके पास भी होम डिलीवरी नहीं हो पाई। नेतराम ने बताया कि उनके आसपास भी किसी के घर सामान नहीं पहुंचा है।
3. न आटा मिला न ही चीनी
कॉलोनी की दुकानों पर आटा और चीनी खत्म हो चुकी है। नवमी का पूजन करने के लिए जरूरत है। दुकानदार दो दिन इंतजार करने को कह रहे हैं -राजकुमारी, सेक्टर 10, आवास विकास कॉलोनी
4. आटा मिल गया, चीनी नहीं मिल रही
तीन दिन तक तो आटा नहीं मिला। फिर दस किलो का पैकेट मिल गया। अब चीनी नहीं मिल रही है। दुकानदारों ने 50 रुपये किलो तक चीनी बेची है। जब मैं पहुंचा तब तक चीनी खत्म हो चुकी थी। - केके पिप्पल, सेक्टर 9, आवास विकास काला
5. अब रिफाइंड भी नहीं मिल रहा
किराने की दुकानें खुली हैं पर कई सामान नहीं है। सिकंदरा में रिफाइंड नहीं मिल रहा है। आटा और चीनी दुकानों पर सुबह मिली, शामको खत्म हो चुके थे - दिनेश सिंह, सिकंदरा
6. आटे के तय रेट से ज्यादा वसूल रहे
कुछ दुकानदार मंडी से सुबह आटा लाते हैं, यह थोड़ी देर में खत्म हो जाता है। प्रशासन ने पांच किलो के पैकेट का रेट 160 दिया है, 180 रुपये वसूले जा रहे हैं - विमलेश अग्रवाल, सेक्टर 11, आवास विकास कॉलोनी
तीन बार में फोन उठाया और फोन नंबर दे दिया
महर्षिपुरम के रमाकांत चतुर्वेदी ने किराना की दुकान खुलने की जानकारी के लिए सोमवार सुबह नौ बजे हेल्पलाइन नंबर 0562- 2454209 पर फोन किया। यह तीन बार में उठा। चतुर्वेदी ने बताया कि वहां से एक और नंबर दे दिया।
उसे मिलाया तो वहां से एक और नंबर मिल गया। सुल्तागंज के राधेश्याम ने नोडल अधिकारी मनोज कुमार को 9454468413 पर फोन किया। दो बार मिलाया, नहीं उठा। आावास विकास सेक्टर आठ के राजीव ने बताया कि उनके क्षेत्र के सब्जी विक्रेता के जो नंबर दिए गए, फोन करने पर जवाबमिलता है, ये गलत हैं।