मैनपुरी। अनलॉक-1 में फेरीवालों को राहत मिलेगी। पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना में शहर के पंजीकृत 600 हथठेल, फेरीवालों को लाभ मिलेगा। ब्याज रहित 10 हजार के लिए गए लोन की अदायगी 10 किस्तों में करनी होगी।
लॉकडाउन के चलते हथठेल वाले, फेरीवाले, दिहाड़ी मजदूर सबसे ज्यादा परेशान हुए हैं। 25 मार्च से 31 मई तक उनका काम पूरी तरह बंद रहा है। नगर पालिका और पगर पंचायतों में पंजीकृत हथठेल वालों, फेरी वालों को अनलॉक-1 में पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत लाभ देने का निर्णय लिया गया है। योजना का लाभ उन लोगों को ही मिलेगा जिनका निकाय में पंजीकरण होगा।
आवेदन की प्रक्रिया भी आसान
फेरीवालों द्वारा किए जाने वाले आवेदन की निशुल्क प्रक्रिया आसान है। डूडा से मिलने वाले फार्म केे साथ आवेदक को केवल आधार कार्ड, पासबुक, नगर पालिका के पंजीकरण की छाया प्रतियों सहित केवल दो फोटो ही जमा कराने हैं।
शहर में हो रही वसूली
फेरी वालों के लिए आई येाजना में कुछ शातिर दिमाग लोगों ने ठगी करनी शुरू कर दी है। डूडा से मिलने वाले फार्म को जमा कराने के नाम पर फेरी वालों से 120 से 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। फार्म जमा कराने वाले खुद को स्वयं सहायता समूह के सदस्य बताकर फार्म जमा कर रहे हैं।
पीएम स्ट्रट वेंडर योजना में निशुल्क आवेदन है। अगर फार्म जमा कराने के नाम पर वसूली की जा रही है तो वसूली करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वसूली की शिकायत आवेदक कार्यालय में कर सकते हैं।
आरके सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा