कासगंज। कोरोना संकट के बीच शुरू की गई प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में आवेदन के लिए मोबाइल से आधार लिंक न होना समस्या बन रहा है। जिले में अभी तक मात्र 14 प्रतिशत पटरी दुकानदार ही योजना के लिए अपने आवेदन कर सके हैं।
जनपद के10 स्थानीय निकाय में 1381 पटरी दुकानदार पंजीकृत हैं। लॉकडाउन में उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। अनलॅाक शुरू हो जाने पर भी पटरी दुकानदारों और ढकेल संचालकों की स्थिति में सुधार नहीं आया है।
दुकानदारों को आत्म निर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत दस हजार रुपये तक ऋ ण देने की व्यवस्था की गई है। ऋण लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाना है। इसके लिए मोबाइल का आधार से लिंक होना आवश्यक है।
ऐसे दुकानदारों को मिलेगा लाभ
जो पटरी दुकानदार स्थानीय निकायों में 24 मार्च 2020 से पहले पंजीकृत हैं, वही इस योजना में शामिल होंगे। फल सब्जी विक्रेता, चांट-पकौड़े विक्रेता सहित अन्य पटरी दुकानदार आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो और 10 रुपये के स्टांप पेपर पर ब्यौरा लिखना होगा।
पटरी दुकानदारों के लिए शासन से शुरू की गई ऋण योजना का लाभ पाने के लिए अभी तक 194 आवेदन मिले हैं। आवेदन में सबसे बड़ी समस्या मोबाइल के आधार से लिंक न होना है- विद्याशंकर, परियोजना विभाग डूडा