राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए मुकदमे सूचीबद्ध करें
जिला जज ने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिला जज सुधीर कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक मुकदमे सूचीबद्ध करें। सूचीबद्ध किए गए मुकदमों को दोनों पक्षों की आपसी सहमति से निस्तारित करने की पहल भी करें।
उन्होंने कहा कि दीवानी परिसर में 13 जुलाई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन को होना है। सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की मंशा राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मुकदमों को निस्तारित करने की है। आपसी समझौते से मुकदमे निस्तारित होने से किसी पक्ष की हार और जीत नहीं होती है। दोनों पक्षों का सम्मान रहता है। समझौते से मुकदमे निपटाए जाने से अदालतों पर काम का बोझ भी कम हो जाता है।
उन्होंने नोडल अधिकारी से कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अन्य विभागों को भी पत्र लिखे जाएं। वहां से भी सूचीबद्ध किए गए मामलों का विवरण मांगा जाए। जितने मामले और मुकदमे सूचीबद्ध किए जाएं उनमें पक्षकारों को समय से नोटिस जारी किए जाएं। नोडल अधिकारी मीता सिंह, चंपत सिंह, इंद्रा सिंह, जयप्रकाश, जितेंद्र मिश्रा, चेतना चौहान, राकेश पटेल, कुलदीप सिंह, स्वप्न दीप सिंघल, सीजेएम नम्रता सिंह, सिविल जज विमलेश सरोज, एसके चौधरी, विभा धामा, जसीम खान, राजाराम भारती, रशमी सिंह मौजूद रहे।