घायल युवक को अस्पताल ले जाते परिजन
फिरोजाबाद में जसराना फीडर पर लाइनमैन हादसे का शिकार हो गया। शटडाउन के बाद भी लाइन में करंट आने से वो झुलसकर नीचे गिर गया। परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गए,जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना जसराना के गांव नगला शादी निवासी भूरे पुत्र वेदराम जसराना देहात बिजलीघर पर प्राइवेट रुप तौर लाइनमैन का काम करता था। शनिवार को पचवा रोड पर लाइन में फाल्ट होने पर शटडाउन लेकर उसे सही करने गया था। वो लाइन सही कर रहा था, तभी अचानक करंट आ गया।
करंट लगने से भूरे झुलस कर नीचे गिर गया। वहां मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई। लोग तुरंत भूरे को उपचार के लिए निजी हॉस्पीटल लेकर गए, जहां गंभीर होने पर उपचार के लिए मना कर दिया गया। सीएचसी पर भी डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
परिवारीजन भूरे को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। भूरे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद एसएसओ बिजलीघर को छोड़कर भाग गया। लाइनमैन की मौत के बाद साथी कर्मचारियों में विभाग के प्रति आक्रोश है।
जसराना में तैनात एसडीओ हरेंद्र सिंह ने कहा कि पोल से गिरने पर लाइनमैन की मौत हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लाइनमैन को विभाग की तरफ से रस्सी, ब्रेस्ट, हेलमेट, दस्ताने आदि चीजें दी जाती है, लेकिन जल्दी के कारण वो लोग उसका प्रयोग नहीं करते हैं।