बिछवां। विकासखंड सुल्तानगंज क्षेत्र के गांव दूल्हापुर के आधे हिस्से में तीन महीने से बिजली नहीं आ रही है। शिकायत करने पर कर्मचारी सुनवाई नहीं करते हैं। ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता से वंचित चल रहे आधे गांव में बिजली आपूर्ति चालू कराने की मांग की है।
विकासखंड सुल्तानगंज क्षेत्र के गांव दूल्हापुर में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। आधे गांव में बिजली आती है तो आधे गांव में अंधेरा रहता है। ग्रामीणों का कहना है तीन माह से आधे गांव में बिजली नहीं आ रही है। सरकार सौभाग्य योजना के तहत हर गांव के हर घर में बिजली दे रही है। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते आधे गांव के लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। गांव में कुछ घरों में बिजली विभाग ने मीटर तो लगा दिए लेकिन उनको बिजली नहीं मिल पा रही है।
गर्मी में बिजली न मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामवासी ब्रजेश कुमार, जनमेद सिंह, सुभाष चंद्र रामसेवक, ओमवीर, महीराम, नवाब सिंह का कहना है शिकायत करने पर कर्मचारी सुनवाई नहीं करते हैं। उन्होंने अधीक्षण अभियंता से आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। अधीक्षण अभियंता रवि कुमार अग्रवाल का कहना है मामला जानकारी में नहीं है। एसडीओ और जेई से बात करके समस्या का समाधान कराया जाएगा।