गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से शहरवासी बेहाल हैं। सोमवार-मगलवार को दिन और रात दोनों वक्त कटौती की जा रही है। एक ओर लोग बूंद बूंद पानी को तरस गए वहीं फैक्ट्रियों में मजदूर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। गर्मी में स्कूल से लौटे बच्चे भी कटौती से बिलबिला गए।
मंगलवार को दिन का तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का पारा भी 24 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। सोमवार रात 1:15 से 3:15 बजे तक बिजली गुल होने से लोगों की नींद हराम हो गई। सुबह नलों में पानी नहीं आया। मंगलवार सुबह 6:33 से 8:30 बजे तक कटौती की गई। इसके बाद पूर्वाह्न 11:40 बजे से 2:40 बजे तक तीन घंटे आपूर्ति बाधित रही। ट्रांसमिशन की तरफ से बिजली आपूर्ति में दिक्कत हो रही है। कुछ दिन बिजली संकट बरकरार रहने की संभावना जताई जा रही है। टोरंट के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय तौर पर कटौती नहीं की गई। जितनी लाइट मिल रही है, उसकी आपूर्ति की जा रही है।
जनता दरबार में निपटाए 304 मामले
टोरंट पावर के जनता दरबार में मंगलवार को 304 मामलों का निस्तारण किया गया। सदर बाजार में 135, पूर्णानंद प्लाजा में 75 और जयपुर हाउस में 94 मामले निस्तारित हुए। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से जनता दरबार में पहुंचने की अपील की।