एटा में आबकारी विभाग की टीम और निधौलीकलां थाना पुलिस ने गांव संतीपुर में छापेमारी की। इस दौरान वहां एक घर से 114 क्वार्टर मिलावटी शराब सहित रैपर, ढक्कन आदि सामान जब्त किया गया। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया।
निधौली कलां थाना प्रभारी डीएन मिश्रा और आबकारी टीम ने थाना क्षेत्र के गांव संतीपुर में मलिखान के घर छापामार कार्रवाई की। इस घर से नकली मिलावटी शराब से भरे हुए 114 क्वार्टर, तीन लीटर कैरोमल सहित भारी मात्रा में रैपर, ढक्कन व खाली क्वार्टर बरामद किए गए। रंग व नौसादर भी मिला। इस दौरान मुख्य आरोपी सलेमपुर निवासी प्रवीन भाग गया। जबकि मलिखान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व में भी जेल जा चुका है आरोपी
निधौलीकलां थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मलिखान पूर्व में भी शराब के मामले में जेल जा चुका है। उससे पूछताछ की जा रही है कि यह लोग शराब बनाने का सामान कहां से लाते थे। सूत्रों की मानें तो शराब बनाने का यह खेल लंबे समय से चल रहा था।
मुखबिर ने दी थी सूचना
जिला आबकारी अधिकारी अभय गंगवार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस व आबकारी टीम द्वारा संयुक्त रुप से कार्रवाई की गई। एक आरोपी पकड़ा गया है। जबकि एक भाग गया। यह अवैध शराब बनाने का कार्य करते थे।