कासगंज में खाद बीज की दुकान को चेक करते जिला कृषि अधिकारी डॉ.अवधेश मिश्र।
कासगंज। प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों ने खाद, बीज एवं रसायन विक्रेताओं की दुकानों, गोदामों आदि का निरीक्षण किया। पटियाली क्षेत्र में दुकान बंद करके चले जाने वाले 6 खाद बीज विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए। 38 रसायन विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इसमें 15 नमूने लेकर जांच को भेजे गए। उपजिलाधिकारी पटियाली कुलदीप कुमार और उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह की टीम ने पटियाली तहसील में खाद, बीज विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। टीम के आने की सूचना पर निखिल खाद भंडार गंजडुंडवारा, गोगाजी खाद भंडार छितेरा, काव्या एग्रीकल्चर पॉइंट छितेरा, अनिल ट्रेडर्स नरदौली रोड पटियाली, चंद्रा जी खाद बीज भंडार कादरगंज रोड गंजडुंडवारा, बौद्ध खाद बीज भंडार कादरगंज रोड गंजडुंडवारा को कारण बताओ नोटिस जारी करते लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया। उपजिलाधिकारी सदर संजीव कुमार और जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र की टीम ने कासगंज तहसील में कीटनाशक रसायन के विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों एवं गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान कुल 38 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कीटनाशक रसायनों के 15 नमूने लिए गए। अभिलेख अपूर्ण मिलने पर ज्योति बीज भंडार, राधिका किसान सेवा केंद्र अमापुर रोड और बालाजी ट्रेडर्स हाउस अमांपुर रोड को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। विक्रेताओं को उचित मूल्य पर कीटनाशक रसायनों की बिक्री करने और ग्राहकों को बिल देने के निर्देश दिए गए। विक्रेताओं के प्रतिष्ठान एवं गोदाम में भंडारित कीटनाशी स्टॉक का मिलान बिल व स्टॉक पंजिका से भी किया गया। रसायनों के सही डाइलूशन प्रयोग की विधि एवं छिड़काव के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में किसानों को जानकारी देने के लिए भी कहा।