मैनपुरी। गांव के बच्चों को गांव में ही तैयारियों के बेहतर अवसर मिल सकें, इसके लिए शासन ने सार्वजनिक पुस्तकालयों की मदद का निर्णय लिया है। शासन की ओर से संबंधित पुस्तकालयों को अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। 30 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक पुस्तकालयों को अनुदान योजना और राजा राममोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान कोलकाता की अनुदान योजनाओं से लाभ दिलाने का निर्णय लिया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जनपद में नगरीय, ग्रामीण, अल्पसंख्यक बाहुल्य एवं अनुसूचित जाति, जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में संचालित सार्वजनिक पुस्तकालयों को पुस्तकीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही फर्नीचर एवं संग्रहण सामग्री आदि की सहायता के रूप में अनावर्तक अनुदान दिया जाएगा। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप पर भरकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 30 सितंबर तक जमा कराना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि योजनाओं के आवेदन पत्रों के नवीनतम प्रारूप प्रतिष्ठान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं जहां से इन्हें डाउनलोड किया जा सकता है।