मैनपुरी। निजी विद्यालयों में निशुल्क शिक्षा के लिए शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत दूसरे और तीसरे चरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सीडीओ की संस्तुति के बाद 700 छात्र-छात्राओं की सूची जिलाधिकारी को भेजी गई है। माना जार हा है जल्द ही उन्हें प्रवेश के लिए आदेश पत्र जारी कर दिया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रकिया जारी है। चुनाव आचार संहिता के चलते दूसरे और तीसरे चरण के 700 छात्र-छात्राओं की प्रक्रिया अधर में लटकी हुई थी। मुख्य विकास अधिकारी ने पात्रों की सूची फाइनल करते हुए जिलाधिकारी को भेजी है। जल्द ही जिलाधिकारी इस पर सहमति देंगे। इसके बाद बीएसए पात्र छात्रों के प्रवेश के लिए आदेश पत्र जारी करेंगी। दूसरे चरण में 400 बच्चों का चयन किया गया। वहीं तीसरे चरण में 300 बच्चों का चयन प्री प्राइमरी और कक्षा एक में प्रवेश के लिए किया गया है।
-
चौथे चरण के लिए प्रवेश 20 जून तक
चौथे और अंतिम चरण के तहत एक जून से ऑनलाइन आवेदन की प्रकिया शुरू हो गई जो 20 जून तक चलेगी। इसके बाद 21 से 27 जून के बीच आवेदन पत्रों का सत्यापन कर लॉक किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता ने बताया कि निजी स्कूलों में 25 फीसदी सीट आरटीई के तहत आरक्षित होती हैं। इन पर प्रवेश देने की प्रक्रिया जिले में जारी है। दूसरे और तीसरे चरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चौथे चरण के लिए आवेदन मांगे गए हैं इसके लिए 20 जून अंतिम तिथि है।
प्रवेश न देने वालों पर होगी कार्रवाई
बीएसए दीपिका गुप्ता ने कहा कि लॉटरी में नाम आने के बावजूद बच्चों के प्रवेश में समस्या आती है। ऐसे में कई बार अभिभावक तंग आकर बच्चे का प्रवेश नहीं कराते हैं। इसलिए ऐसे अभिभावकों को कारण के साथ शपथपत्र विभाग को देना होगा, ताकि यह पता लग सके कि बच्चे को किस कारण प्रवेश नहीं मिल सका है। प्रवेश न देने वाले स्कूलों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।