-वेतनमान और स्थानांतरण सहित कई लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहावर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने शनिवार को अपनी लंबित मांगों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। संघ के पदाधिकारी और सदस्यों ने तहसील दिवस में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
पिछले 9 वर्षों से लेखपाल पद की शैक्षणिक योग्यता, पदनाम परिवर्तन, प्रारंभिक वेतनमान का उच्चीकरण, एसीपी विसंगति, तथा मृतक आश्रित लेखपालों की पेंशन संबंधी समस्याएं लंबित हैं। इसके अलावा, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के अतिरिक्त पद सृजन, स्टेशनरी भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये, वाहन-मोटरसाइकिल भत्ता और विशेष वेतन भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की।
लेखपाल संघ के सदस्यों का कहना है कि इन मुद्दों पर कई बार पत्राचार और विभागीय सहमति के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। संघ ने बताया कि लगभग 3000 लेखपाल अपने परिवारों से 500 से 1000 किलोमीटर दूर भय और तनाव के माहौल में कार्यरत हैं। बताया कि 23 अगस्त 2018 के शासनादेश के तहत अंतर मंडलीय स्थानांतरण के लिए मांगे गए ऑनलाइन आवेदन अब तक लंबित हैं। इसी प्रकार, राजस्व निरीक्षक पदों पर पदोन्नति के लिए चयन वर्ष 2025-26 की डीपीसी भी निर्देशों के बावजूद नहीं हो सकी है। इस दौरान संघ अध्यक्ष कुलदीप यादव, सचिव वीरेंद्र सिंह, सुमित कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार, जिकरुल हसन, कुशाग्र माहेश्वरी, अमित सक्सेना आदि उपस्थित रहे।