जाति, आय, निवास आदि प्रमाण पत्रों के आवेदकों को आज से दिक्कत होने वाली है। अपने क्षेत्र के अलावा दूसरे हल्के का काम देख रहे आगरा जिले के 119 लेखपाल पांच नवंबर को अतिरिक्त कार्यभार छोड़ देंगे।
संबंधित तहसील के लेखपाल अपने-अपने वरिष्ठ अधिकारियों को बस्ते सौंप देंगे। इससे विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि के पात्र लाभार्थियों के सत्यापन में भी अड़चन आएगी।
दरअसल, वेतन विसंगति, समय पर पदोन्नति होने, ग्रेड पे बढ़ाने, भत्तों का भुगतान होने आदि मांगों को लेकर लेखपाल संघ का पांच नवंबर से आंदोलन शुरू हो रहा है। इसकी शुरुआत वो, 'जितना वेतन, उतना काम' आंदोलन से कर रहे हैं। यानी लेखपाल अब सिर्फ अपने क्षेत्र का ही काम देखेंगे।