तहसील में एसडीएम से लेखपाल की शिकायत करता वृद्ध किसान।
भोगांव। तहसील दिवस में पहुंचकर जिला कन्नौज के सौंरिख के रहने वाले एक वृद्ध किसान ने लेखपाल पर जिलाधिकारी से लेकर एसडीएम, तहसीलदार के आदेशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। नाम संशोधन प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट लगवाकर संशोधन कराने की गुहार लगाई है। एसडीएम ने लेखपाल को तीन दिन में जांचकर रिपोर्ट लगाकर तहसीलदार को सौंपे जाने के आदेश दिए हैं। शनिवार को सौंरिख के रहने वाले डाॅ. केवी सिंह यादव ने बताया कि उनका एक खेत ग्राम बीलपुर में है। उनका नाम लिपिकीय त्रुटि से भू-अभिलेख में गलत दर्ज हो गया है। नाम में गलती को सुधार के लिए लगभग चार माह पहले प्रार्थना पत्र तत्कालीन तहसीलदार को दिया था। प्रार्थना पत्र को पांच अप्रैल को क्षेत्रीय लेखपाल शिवकुमार को जांच कर रिपोर्ट लगाए जाने के निर्देश दिए थे।लेखपाल ने रिपोर्ट नहीं लगाई। उन्होंने कई बार तहसील में लेखपाल से मुलाकात करने का प्रयास किया। लेखपाल की जिलाधिकारी से शिकायत की। डीएम और एसडीएम ने भी लेखपाल को संशोधन रिपोर्ट देने का आदेश दिया। उनका आदेश भी नहीं माना। एसडीएम ने लेखपाल शिवकुमार को तहसील दिवस में बुलाकर तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।